आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए हादसे ने राहुल नगर के दो भाइयों की जिंदगी का दीपक हमेशा के लिए बुझा दिया। पुलिस ने हादसे की खबर दी तो घर में कोहराम मच गया। जहां घर में दीपोत्सव का उल्लास था, वहां एक पल में मातम पसर गया। परिजन के करुण क्रंदन ने लोगों की आंखें नम कर दीं।

दोनों भाई दो सप्ताह पहले खरीदी कार का पूजन करने के लिए पैतृक गांव जा रहे थे। बोदला स्थित राहुल नगर निवासी मोहित तीन साल से दिल्ली में कार चलाते थे। उन्होंने दो सप्ताह पहले नई आर्टिगा कार खरीदी थी। इसे वो टैक्सी में चलाना चाहते थे। परिजन के मुताबिक, वह कार का पूजन औरैया के बिधूना थाना क्षेत्र के पटना मूल गांव में बहन काजल के घर पर कराना चाहते थे।

मंगलवार सुबह 11 बजे मोहित भाई गोविंद, हरिओम भतीजे हिमांशु, रोहताश और मौसेरे भाई विकास के साथ कार से निकले थे। इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र में चौपला कट के पास डीसीएम में कार पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन डिवाइडर पर चढ़ गए। विकास (24), मोहित और गोविंद की मौत हो गई जबकि हरिओम (32), हिमांशु (8) और रोहताश (10) गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने परिजन को फोन पर दी। यह सुनकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। आसपास के लोग पहुंच गए। इटावा के लिए भी घर के सदस्य रवाना हो गए। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों को आगरा लाया जाएगा। परिजन का कहना था कि दिवाली पर परिवार में खुशी का माहौल था। कार का पूजन कराने के बाद सभी को जल्दी वापस आना था। तभी हादसे की जानकारी मिली।

दो मृतकों के मासूम बच्चे गोविंद की शादी डेढ़ साल पहले खुशी से हुई थी। उसका 9 महीने का बेटा वंश है। परिजन ने पत्नी को गोविंद की मौत की जानकारी नहीं दी। वह यही सोच रही थी कि पति घायल हो गए हैं। उनका इलाज चल रहा है। पत्नी को परिवार के लोग संभाल रहे थे। मोहित की शादी नहीं हुई थी। वहीं मौसेरे भाई विकास की शादी डेढ़ साल पहले रिया से हुई थी।

उसकी चार महीने की बेटी है। मोहित के मामा के बेटे जीतू ने बताया कि दोपहर एक बजे सभी से बात हुई थी। तब उन्होंने एक्सप्रेस वे पर चलने की बात कही थी। बाद में पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। बीमार हैं पिता, 15 दिन पहले अस्पताल से मिली थी छुट्टी शारदा विहार, बोदला निवासी परशुराम सब्जी बेचने का काम करते हैं।

वह किराये के मकान में रहते हैं। उनके तीन बेटे मोहित, हरिओम और गोविंद थे। वहीं तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। एक बेटी काजल औरैया में रहती है। परशुराम बीमार रहते हैं। उनको लकवा मार गया था। इस पर बेटों ने अस्पताल में भर्ती कराया। 15 दिन पहले ही उन्हें छुट्टी मिली थी। रिश्तेदार घर आए तो पिता को यह नहीं बताया कि हादसे ने दो बेटों को उनसे छीन लिया।

मौत खींच ले गई दो किमी आगे हादसे का शिकार हुए नई कार लेकर मोहित और उसका भाई गोविंद बिधूना के पटना गांव स्थित पैतृक गांव व चौबिया के लोकपुरा गांव घूमने जाना चाहते थे। एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में जानकारी मिली है कि सभी चौपला कट से उतरकर पहले लोकपुरा गांव जाना चाह रहे थे, फिर अचानक मन बदल गया और लौटते में आने की बात सोचकर सीधे बिधूना के लिए निकल रहे थे।

एसओ ने बताया कि इस बीच चौपला से लगभग दो किमी आगे ही वह हादसे का शिकार हो गए। हादसे के वक्त कार की स्पीड लगभग 120 किमी प्रति घंटे बताई गई है।