रामपुर में सीआरपीएफ कैंप पर 2007 में हुए हमले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ खां (53) की मंगलवार शाम बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। आर्म्स एक्ट में दस साल की सजा काटने के बाद कोर्ट से बरी होने पर वह एक साल से घर पर ही रह रहा था। वह मंगलवार शाम को थाने में हाजिरी लगाकर अपने बेटे मोहम्मद वाइज खां के साथ बाइक से लौट रहा था।
खजुरिया थाने से लगभग 100 मीटर दूर शाम करीब 6.30 बजे बाइक सवार दो नकाबपोशों ने उसकी बाइक को ओवरटेक कर गोलियां मारीं। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने खजुरिया पुलिस पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
ग्राम अकिलपुर उर्फ बदनपुरी निवासी शरीफ के छोटे भाई मोहम्मद शाहीन खां के अनुसार खजुरिया थाने में तैनात एक सिपाही ने मंगलवार को उन्हें कई बार फोन किया। सिपाही ने फोन करके उनसे कहा कि वह अपने बड़े भाई मोहम्मद शरीफ खां को थाने भेज दें, थाना प्रभारी उन्हें बुला रहे हैं। इसके बाद शरीफ खां शाम करीब 6.30 बजे अपने पुत्र मोहम्मद वाइज खां के साथ खजुरिया थाने पहुंचे।
वाइज खां के अनुसार, वहां थाना प्रभारी नहीं मिले। इसके बाद वह अपने पिता को बाइक पर पीछे बैठाकर घर जा रहा था। वाइज खां के मुताबिक थाने से थोड़ी दूर निकलते ही खजुरिया-गोधी रोड पर पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे नकाबपोश दो युवकों ने उनके पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, तीन गोलियां लगने से पिता घायल होकर बाइक से नीचे गिर गए।
इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हमलावर गोधी गांव की ओर भाग गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर खजुरिया थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय और शरीफ के परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल को तुरंत ही रुद्रपुर के निजी अस्पताल ले जाने लगे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें रुद्रपुर नहीं जाने दिया, बल्कि अपनी मौजूदगी में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इस दौरान परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों का आरोप था कि शरीफ की हत्या पुलिस ने योजनाबद्ध ढंग से कराई है। थाने का एक सिपाही सुबह से ही शरीफ को थाने में आने के लिए बार-बार फोन कर रहा था, लेकिन जब वह थाने में पहुंचे तो थाना प्रभारी मौजूद नहीं थे। इसके बाद वह एक दरोगा और सिपाही के समक्ष पेश होकर लौट रहे थे।
ग्राम प्रशासक गुरविंदर सिंह ने भी पुलिस पर आरोप लगाए। ज्ञात हो कि सीआरपीएफ कैंप पर हमले को पुलिस ने आतंकी वारदात माना था। इस हमले में सीआरपीएफ के सात जवानों समेत आठी की मौत हो गई थी। हमले के आरोपियों को रामपुर अदालत से फांसी की सजा सुनाई गई थी। जिसमें शरीफ भी शामिल था। हत्यारों की तलाश में दबिश, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे ग्राम प्रधान गुरविंदर सिंह ने भी पुलिस पर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
उन्होंने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी रोड किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस बीच अस्पताल में सीओ पीपी सिंह समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा करने वालों को शांत किया। सीओ का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को दरकिनार करते हुए कहा कि घटना को अंजाम देने वालों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। शरीफ की हर गतिविधि पर थी नजर, हमलावरों तक कैसे पहुंची खबर रामपुर। मोहम्मद शरीफ की हत्या में सबसे बड़ा सवाल यही है कि हमलावरों को उसकी हर गतिविधि की जानकारी कैसे मिली।
क्या उसकी लगातार निगरानी की जा रही थी या फिर कोई करीबी उसकी गतिविधियों की जानकारी हमलावरों तक पहुंचा रहा था। वारदात के तरीके ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में हमलावरों की पहचान के साथ हत्या की वजह और वारदात से पहले की गतिविधियों की कड़ियां जोड़ना अहम होगा। सीआरपीएफ कैंप पर आतंकी हमले के मामले में हाईकोर्ट से बरी होने के बाद शरीफ 12 नवंबर 2025 को बरेली सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था।
इसके बाद वह अपने गांव बदनपुरी में रह रहा था। उसकी दिनचर्या क्या थी, वह किन लोगों से मिलता था और किन रास्तों से आवाजाही करता था, इन सभी पहलुओं पर पुलिस पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात से पहले हमलावर घटनास्थल के आसपास मौजूद थे या उन्होंने पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी थी।
इसके लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल फोन की लोकेशन और कॉल डिटेल अहम सुराग दे सकती हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। हालांकि, रेकी या किसी करीबी की भूमिका की अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। खुफिया तंत्र भी हुआ सक्रिय सीआरपीएफ आतंकी हमले के मामले में बरी मोहम्मद शरीफ की हत्या की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है, वहीं खुफिया तंत्र भी पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
खुफिया तंत्र की टीमें भी मौका मुआयना करने पहुंच गई हैं। वे लगातार जानकारियां जुटा रही हैं। मोहम्मद शरीफ को दो बाइक सवारों ने थाने से लौटते वक्त गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। हत्या की वजह जानने की कोशिश हो रही है। सीसीटीवी कैमरों को भी चेक किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अनुराग सिंह, एएसपी, रामपुर