ढढरूआ गांव निवासी बाबूराम ने पुलिस को बताया कि उनके भाई रामप्रकाश मंगलवार सुबह सात बजे अपने खेत की रखवाली करने गए थे। गांव नवादा बिलसंडी निवासी युवक का घोड़ा उनकी फसल चरता मिला। रामप्रकाश ने घोड़े को अपने खेत से भगा दिया और उसके मालिक से उसे वहां से ले जाने के लिए कहा। बंधक बनाकर पीटने का आरोप आरोप है कि इससे नाराज घोड़ा मालिक और उसके दो साथियों ने रामप्रकाश को जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
वह रामप्रकाश के हाथ-पैर बांधकर पास ही गन्ने के खेत में ले गए और वहां फिर डंडों से पीटा। रामप्रकाश को मरा हुआ समझकर छोड़कर भाग गए। एक ग्रामीण की सूचना पर पहुंचे परिजन ने गन्ने के खेत में रामप्रकाश को खोजा और फरीदपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया, जो वायरल हो रहा है।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।