इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे से एक ऐसा विवाद छिड़ा जिसकी उम्मीद नहीं थी. इससे भारत और उसके पड़ोसी देश मालदीव के रिश्तों में खटास आई. साथ ही, इसने भारत के छोटे से द्वीपसमूह पर पर्यटकों की रुचि को भी बढ़ाया. हालांकि, इससे पर्यावरणविदों और स्थानीय लोगों में चिंता बैठी.
मालदीव के उत्तर में अरब सागर में स्थित लक्षद्वीप के दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं की घोषणा की थी. पीएम मोदी ने स्नॉर्कलिंग तथा लक्षद्वीप के समुद्री तटों का आनंद लेते हुए अपनी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं.
मालदीव के तीन डिप्टी मंत्रियों ने पीएम मोदी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की, जिसने विवाद को जन्म दिया और भारत में सोशल मीडिया पर इसका जमकर विरोध हुआ. कई लोगों ने इस पर ज़ोर दिया कि मालदीव के विकल्प के तौर पर लक्षद्वीप बेहतर पर्यटन स्थल हो सकता है.
नतीजतन गूगल पर कभी भी बड़ी संख्या में सर्च न किए जाने वाले लक्षद्वीप के बारे में लोगों ने इतनी जानकारी जुटानी चाही कि ये पिछले सप्ताह सबसे अधिक सर्च किए जाने वाली जगहों में आ गया. भारत की सबसे बड़ी ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी मेकमाईट्रिप ने कहा कि मोदी के दौरे के बाद उसके प्लेटफॉर्म पर लक्षद्वीप को सर्च करने वालों में 3400 फ़ीसदी बढ़ोतरी हुई.
अपनी विवादास्पद नीतियों की वजह से कुछ साल पहले स्थानीय लोगों का विरोध झेल चुके लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने लोगों की इस इलाके में बढ़ती रुचि का स्वागत किया है.
उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "लक्षद्वीप की प्राकृतिक ख़ूबसूरती में पर्यटन क्षेत्र के लिहाज़ से भरपूर संभावनाएं हैं. प्रशासन ने कई नई पहले की हैं, जिनमें लोगों के रहने के लिए कमरों की संख्या बढ़ाना शामिल हैं."
टाटा समूह ने घोषणा की है कि वह लक्षद्वीप के दो द्वीपों पर वर्ष 2026 तक दो 'विश्व स्तरीय' रिज़ॉर्ट बनाने जा रहा है. इस द्वीपसमूह में कुल 36 द्वीप हैं लेकिन 10 ही ऐसे हैं जहां लोग बसते हैं. लक्षद्वीप जाने वाली एकमात्र एयरलाइन कंपनी ने भी अतिरिक्त उड़ानें शुरू कर दी हैं और निकट भविष्य में अन्य एयरलाइन कंपनियां भी यहां सेवाएं शुरू करने जा रही हैं.
लेकिन विशेषज्ञ कहते हैं कि अपने मनोहर समुद्री तटों और द्वीपों, साफ़ नीले पानी के लिए प्रचलित लक्षद्वीप को मालदीव की तरह बड़े पर्यटक क्षेत्र में नहीं बदला जा सकता है, क्योंकि ये आकार में छोटा है और यहां की इकोलॉजी भी नाज़ुक है. बहुत से स्थानीय लोगों का भी कहना है कि वे यहां एक ज़िम्मेदार पर्यटन व्यवस्था चाहते हैं, जिसका वे भी हिस्सा हों. उनकी इच्छा है कि यहां बड़े पैमाने पर विकास योजनाएं न आएं, जो आम लोगों की ज़िंदगी को पलट दे.
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
एक सरकारी वेबसाइट के अनुसार, "यहां लोगों का मुख्य रोज़गार मछलीपालन, नारियल की खेती और नारियल के रेशेदार छिलके (कॉइर) के सामान बनाना है." ये वेबसाइट पर्यटन को यहां की उभरता उद्योग बताती है.
अतिरिक्त उड़ानों की शुरुआत से पहले लक्षद्वीप पहुंचने के सिर्फ़ दो रास्ते थे. एलायंस एयर की ओर से संचालित 72 सीटों वाला विमान, जो रोज़ाना केरल के कोच्चि से लक्षद्वीप के अगाट्टी आइलैंड के एयरपोर्ट तक जाने वाली एकमात्र उड़ान है, और कोच्चि से जहाज़ के ज़रिए, जिसकी यात्रा पूरी होने में चार दिन लगते हैं.
लक्षद्वीप में एंट्री के लिए प्रशासन से परमिट भी लेना पड़ता है.
लक्षद्वीप की 70 हज़ार लोगों की आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले एकमात्र एनसीपी सांसद पीपी मोहम्मद फ़ैज़ल कहते हैं, "परिवहन, रहने की व्यवस्था और ज़मीन पर मौजूद आधारभूत ढांचा सबसे बड़ी रुकावटें हैं."
वह कहते हैं, "पीएम मोदी जिस बंगाराम द्वीप पर ठहरे थे, वहां पर्यटकों के रहने के लिए केवल 36 कमरे हैं."