गंगटोक: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अक्सर अपने भाषणों और जनता के बीच सहज अंदाज के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में सिक्किम दौरे के दौरान उनका एक अनोखा रूप देखने को मिला, जब उन्होंने वहां के स्थानीय स्कूली बच्चों से बेहद आत्मीयता के साथ शुद्ध नेपाली भाषा में बातचीत की। सिंधिया को बिना किसी हिचकिचाहट के एक स्थानीय निवासी की तरह नेपाली बोलते देख वहां मौजूद हर कोई हैरान रह गया।
इसके बाद से ही लोग यह जानने को उत्सुक हैं कि मध्य प्रदेश के ग्वालियर राजघराने से ताल्लुक रखने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया आखिर इतनी खूबसूरत नेपाली भाषा कैसे बोल लेते हैं और इसके पीछे क्या राज है।मां माधवी राजे सिंधिया से जुड़ा है यह गहरा राजदरअसल, ज्योतिरादित्य सिंधिया का नेपाली भाषा पर यह अधिकार उनकी माता स्वर्गीय माधवी राजे सिंधिया के कारण है।
माधवी राजे सिंधिया का नाता सीधे नेपाल के प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक राणा राजवंश परिवार से था। इस राजवंश के प्रमुख जुद्ध शमशेर जंग बहादुर राणा नेपाल के प्रधानमंत्री रहे थे। शादी से पहले माधवी राजे का नाम राजकुमारी किरण राज लक्ष्मी था। अपनी मां के मायके और ननिहाल के इस गहरे जुड़ाव के चलते ज्योतिरादित्य सिंधिया बचपन से ही नेपाली संस्कृति और भाषा से बहुत करीब से परिचित रहे हैं, जिसे वे अपनी मां से ही विरासत में सीख पाए हैं।जब ग्वालियर से दिल्ली के लिए चली थी स्पेशल 'बारात ट्रेन'60 के दशक में नेपाल राजघराने की तरफ से ग्वालियर के महाराजा माधवराव सिंधिया के लिए विवाह का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे सिंधिया परिवार ने सहर्ष स्वीकार कर लिया था।
इसके बाद 6 मई 1966 को दिल्ली में दोनों का ऐतिहासिक विवाह हुआ था। यह शादी उस दौर में इतनी भव्य थी कि ग्वालियर से दिल्ली बारात ले जाने के लिए भारतीय रेलवे की एक पूरी विशेष ट्रेन बुक की गई थी। इसके बाद जब 8 मई 1966 को माधवी राजे सिंधिया परिवार की बहू बनकर पहली बार ग्वालियर आईं, तो महल की ओर जाने वाले पूरे रास्ते पर फूलों का कालीन बिछाकर उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया था।