शिलांग: मेघालय की राजधानी शिलांग में स्थित गारिखाना इलाके के एक हनुमान मंदिर में चोरी और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार कुछ अज्ञात बदमाश रात करीब एक बजे मंदिर में घुसे और वहां जमकर उत्पात मचाया। इस घटना के बाद लोगों में गुस्सा है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस ने बताया कि बदमाश मंदिर के बगल वाले दरवाजे को तोड़कर अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि सबूत मिटाने के लिए कैमरों में आग लगाने की भी कोशिश की गई। हालांकि आसपास के घरों में लगे कैमरों में कुछ संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।मूर्तियां भी चुराकर ले गए मंदिर प्रबंधन की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि चोर भगवान कृष्ण और राधा की मूर्तियों के साथ भगवान हनुमान की एक छोटी प्रतिमा भी अपने साथ ले गए।
इसके अलावा पूजा में इस्तेमाल होने वाले चांदी के गहने और कई पीतल के बर्तन भी चोरी कर लिए गए। दानपात्र में रखी नकदी भी गायब मिली है। हालांकि मंदिर के गर्भगृह में स्थापित मुख्य मूर्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।लोगों में भारी नाराजगीघटना के बाद गारिखाना और आसपास के इलाकों के लोगों में भारी नाराजगी है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से रात में चोरी और आपराधिक घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं है। लोगों ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने और रात के समय निगरानी मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।