गुवाहाटी: असम की राजधानी गुवाहाटी के नजदीक कोलकाता सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना का एक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो ट्रेन को चल रहा लोकाे पायलट का है। इसमें लोको पायलट को साफ कहते हुए सुना जा सकता है कि सिग्नल रेड हैं, ट्रेन को रोकना है लेकिन ट्रेन की स्पीड कंट्रोल नहीं हो रही है। ब्रेक सिस्टम काम नहीं कर रहा है।
लोको पायलट ट्रेन को रोकने की पूरी कोशिश करता है लेकिन ब्रेक फेल होने की वजह से ट्रेन पटरी पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। यह रेल हादसा बुधवार को गुवाहाटी के बाहरी इलाके डिगारू के पास हुआ है। जानकारी के अनुसार, कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन मिजोरम से कोलकाता की ओर जा रही थी।असम रेल हादसे की बड़ी बातें 11 नवंबर 2026 की सुबह असम में गुवाहाटी के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस का इंजन और 7 डिब्बे पटरी से उतर गए।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के अनुसार इस दुर्घटना में किसी भी यात्री की जान नहीं गई है। कुछ लोगों को चोट आई। यह दुर्घटना बुधवार सुबह लगभग 6:54 बजे असम के कामरूप (मेट्रो) जिले में स्थित दिगारू रेलवे स्टेशन के पास हुई। ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस (जो मिजोरम के सैरांग और कोलकाता के बीच चलती है) का लोकोमोटिव इंजन और कुछ कोच पटरी से उतरे हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक दिगारू स्टेशन पर एक दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए इस एक्सप्रेस ट्रेन को रोका जा रहा था। लोको पायलट ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर सका। मीडिया रिपोर्ट्स और सामने आए एक वीडियो के अनुसार हादसे से ठीक पहले ट्रेन का ब्रेक सिस्टम और इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं कर रहा था। चश्मदीदों के अनुसार ब्रेक फेल होने की स्थिति में ट्रेन को एक लूप लाइन या डेड-एंड ट्रैक की तरफ मोड़ा गया।
इससे ट्रेन बैरिकेड्स और पत्थरों में फंसकर रुक गई और एक बड़ी जनहानि टल गई।हेल्पलाइन नंबर किए गए जारीपूर्वोत्तर सीमा रेलवे के आधिकारिक बयान के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि कुछ स्थानीय रिपोर्टों में 6 से 7 यात्रियों को मामूली चोटें आने की बात कही गई है। हादसे की सूचना मिलते ही रिकवरी ट्रेन और वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने दूसरी ट्रेन की व्यवस्था कर दी है। इस रूट पर ट्रैक को साफ करने और मरम्मत का काम जारी है। इसके चलते 12067 गुवाहाटी-जोरहाट टाउन जन शताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी में और 15627 कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानीखैती स्टेशन पर रोका गया है।