गुवाहाटी: उत्तराखंड की राजनीति में जेनी- हरक सिंह रावत के चर्चित विवाद में अब असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने एंट्री ले ली है। असम के सीएम सरमा मंगलवार को उत्तराखंड के कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली इन्द्राणी देवड़ी उर्फ जेनी से मिले। सीएम सरमा ने खुद ट्वीट कर बताया कि उत्तराखंड के हरक सिंह रावत नाम के शख्स ने जेनी के साथ जो किया वह बेहद गलत और निंदनीय है।
किसी को भी उस तरह की अत्याचार नहीं झेलनी चाहिए जैसी उसने सही। मैं इंसाफ की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ा हूं।23 साल पहले मॉडलिंग के लिए देहरादून आई थी जेनीउत्तराखंड प्रेस क्लब में 7 नवंबर को मूल रूप से असम की रहने वाली इंद्राणी देवरी उर्फ जेनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए थे।
गुवाहाटी में भी मीडिया से बातचीत में जेनी ने आरोपों को दोहराया। जेनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने उसके साथ दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न किया था। उसने दावा किया कि उसके 23 वर्षीय बेटे पिता हरक सिंह रावत हैं। जेनी ने सरकार से डीएनए जांच की मांग की। जेनी ने 23 साल पुरानी अपनी कहानी भी बताई। उसने बताया कि वह 2002 में मॉडल बनने के लिए देहरादून आई थी।
तब उसकी उम्र सिर्फ 16-17 साल थी। जब मॉडलिंग में काम नहीं मिला तो वह उस दौर में चलने वाले एसडीटी फोन बूथ पर काम करने लगी। उस एसडीटी बूथ आने वाले एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने रोजगार दिलाने का वादा किया। वह जेनी को हरक सिंह रावत के यमुना विहार स्थित आवास पर ले गया, जहां उसे नौकरी पर रख लिया गया।हरक सिंह रावत दे चुके मानहानि के मुकदमे की धमकीयौन उत्पीड़न के आरोपों पर कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत सफाई दे चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी उनकी छवि खराब करने के लिए षडयंत्र रच रही है। पूर्व मंत्री का कहना है कि जेनी ने उन पर जो आरोप लगाए हैं, वह पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं। उन्होंने दोषी पाए जाने पर राजनीति से संन्यास लेने की चुनौती भी दी। साथ ही रावत जेनी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी भी दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 2003 में भी जेनी ने उन पर आरोप लगाया था। इन आरोपों की जांच सीबीआई ने की और डीएनए टेस्ट में भी उन्हें क्लीन चिट मिली थी। बाद में, कांग्रेस ने जेनी के बच्चे के पिता के नाम का खुलासा किया। उन्होंने सरकारी हॉस्पिटल के रिकॉर्ड के हवाले से बताया कि जेनी के बच्चे का पिता बबलू नाम का कोई आदमी है।
हालांकि जेनी अपने आरोपों पर अड़ी हैं।मंगलवार को इंदिरा देवरी जैनी ने गुवाहाटी में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात की। उन्होंने न्याय पाने के लिए सीएम सरमा से मदद मांगी। सीएम हिमंता ने उन्हें मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा अत्याचार किसी के साथ नहीं होना चाहिए। मैं न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ा हूं।