नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले फिल्ममेकर और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के फैकल्टी सदस्य डोमिनिक संगमा पर कथित तौर पर दो लोगों ने हमला किया। बुधवार शाम पुलिस ने यह जानकारी साझा की। निर्माता के साथ हमले की यह घटना ईटानगर में जोलांग-राकाप रोड के पास हुई।
पुलिस ने शुरू की जांच निर्माता संगमा पर यह हमला उस समय हुआ, जब उन्होंने दो लोगों द्वारा छात्रों को परेशान किए जाने पर बीच-बचाव करने की कोशिश की। पुलिस ने संगमा पर हमले की घटना की जांच शुरू कर दी है। निर्माता के साथ हुई इस बदसलूकी की घटना पर फिल्म एवं एकेडमिक जगत का ध्यान भी गया है।
कौन हैं डोमिनिक संगमा? डोमिनिक संगमा भारतीय सिनेमा में अपने काम के लिए जाने जाते हैं। वे नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर और एजुकेटर हैं। वे अरुणाचल प्रदेश में FTII के जोटे कैंपस में फैकल्टी सदस्य भी हैं। वे गारो भाषा के मशहूर फिल्म निर्माता हैं। संगमा मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत के सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए जाने जाते हैं। उनकी चर्चित फिल्मों की बात करें तो 'मा-अमा' और 'रैप्चर' इनमें शामिल हैं।