कोलकाता के गड़िया इलाके में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर सार्थक सरकार की हत्या का मामला सुलझने के बजाय और उलझ गया है। उसकी लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु ने पुलिस को दो अलग-अलग बातें बताई हैं। पहले उसने दावा किया कि सार्थक ने कैंची से खुद अपना गला घायल कर लिया था। दूसरी बार उसने कहा कि गरमागरम बहस के दौरान क्या हुआ, उसे कुछ याद नहीं है।

लिव-इन पार्टनर के दो तरह के बयान से अब पूरा मामला ही उलझ गया है। फिलहाल पुलिस दोनों बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि असल में हुआ क्या था।कैसे और किस चीज से मर्डर?पुलिस के अनुसार, इंजीनियर सार्थक सरकार की हत्या की जांच जारी है। हालांकि पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि उसके गले पर जानलेवा चोट पहुंचाने के लिए किस चीज का इस्तेमाल किया गया और किसने हमला किया।

जांच अधिकारी यह भी देख रहे हैं कि क्या हमले में कोई पतली और नुकीली चीज, जैसे चॉपस्टिक या कोई और धारदार वस्तु, इस्तेमाल हुई थी। वे फरताबाद स्थित किराए के फ्लैट में शनिवार देर रात हुई घटनाओं का सही क्रम भी रिकंस्ट्रक्ट करने की कोशिश कर रहे हैं, जहां सार्थक गंभीर रूप से घायल हालत में मिले थे।बता दें कि सार्थक की लिव-इन पार्टनर संचालिका बसु (22) और उसकी मां मौमिता बसु को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

हिरासत में दोनों से लंबी पूछताछ के बावजूद पुलिस को अभी साफ तस्वीर नहीं मिली है। मां और बेटी के बयानों में कई खामियां सामने आई हैं। संचालिका ने एक मौके पर जांचकर्ताओं को बताया कि सार्थक ने कैंची से अपना गला काट लिया था। दूसरे मौके पर उसने कहा कि उसे याद नहीं कि बहस के दौरान क्या हुआ था। फिलहाल पुलिस इन दावों को वेरिफाई कर रही है और देख रही है कि कैंची या कोई अन्य नुकीली चीज हमले में इस्तेमाल हुई थी या नहीं।शराब शक और मर्डरपुलिस को शक है कि संचालिका के साथ बहस के दौरान सार्थक पर हमला किया गया था।

वे यह भी जांच कर रहे हैं कि मौमिता बसु कमरे में कब और किन हालात में आईं और हमले में उनकी कोई भूमिका थी या नहीं। खबरों के मुताबिक, सार्थक और संचालिका के बीच एक्स्ट्रा-मैरिटल रिश्तों के आरोपों को लेकर कुछ समय से तनाव चल रहा था। शनिवार रात को दोनों शराब पी रहे थे, तभी उनके बीच तीखी बहस शुरू हो गई। दोनों ने कथित तौर पर एक-दूसरे पर कई पार्टनर्स के साथ संबंध होने का आरोप लगाया।

जांच अधिकारियों का मानना है कि यही झगड़ा हिंसक हो गया और इसी दौरान सार्थक को जानलेवा चोट लगी। जिससे उसकी मौत हो गई।क्या है पूरा मामला?बारासात के रहने वाले सार्थक, संचालिका के साथ फरताबाद के किराए के फ्लैट में रह रहे थे। संचालिका की मां मौमिता भी उनके साथ रहती थीं। पड़ोसियों ने बताया कि उन्हें घटना के बारे में रात करीब 1.30 बजे पता चला, जब एक महिला रोते हुए और मदद मांगते हुए फ्लैट से बाहर भागी।

गरिया के रहने वाले सायन पाल ने कहा कि हम अभी भी जागे हुए थे। तभी हमने एक औरत को रोते हुए और मदद मांगते हुए सुना। हम तुरंत फ्लैट पर पहुंचे और देखा कि एक लड़का बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा था। जिस औरत ने हमारी मदद मांगी थी, उसकी गर्दन पर कई खरोंच के निशान थे। हमने तुरंत पुलिस को फोन किया।उन्होंने यह भी बताया कि घटना से कुछ समय पहले उसी बिल्डिंग में रहने वाले कुछ लोगों ने फ्लैट से गरमागरम बहस और तेज आवाजें सुनी थीं।

इलाके के एक और निवासी अर्कोजीत बसु ने कहा कि यह कपल कुछ समय से इस इलाके में रह रहा था, लेकिन पड़ोसियों से बहुत कम मिलता-जुलता था। उन्होंने कहा कि वे आस-पड़ोस के लोगों से ज्यादा बात नहीं करते थे। सुबह इस घटना के बारे में जानकर हम सब चौंक गए। उन्होंने आगे बताया सार्थक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।