अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मिलने के दौरान लगाया गया बुलेटप्रूफ शीशा हटा दिया गया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने मोदी और फडणवीस सरकार को घेरते हुए इसे कानून-व्यवस्था की नाकामी बताया। पार्टी ने फिल्म उद्योग की सुरक्षा पर सवाल उठाए। आखिर अमिताभ को शीशे के पीछे क्यों खड़ा होना पड़ा? क्या हालिया धमकियों और हमलों ने बॉलीवुड में डर बढ़ाया है? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का प्रशंसकों से बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे खड़े होकर मिलना अब महाराष्ट्र की राजनीति में मुद्दा बन गया है। कांग्रेस ने इसे केंद्र की नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार की कानून-व्यवस्था की नाकामी बताया है। पार्टी के प्रवक्ता सचिन सावंत ने सवाल उठाया कि जब देश के इतने बड़े अभिनेता को अपने ही घर के बाहर प्रशंसकों से मिलने के लिए बुलेटप्रूफ सुरक्षा की जरूरत पड़ रही है, तो फिल्म उद्योग के बाकी कलाकार कितने सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि शीशा हटने से कलाकारों के मन का डर खत्म नहीं होगा।
सावंत ने आरोप लगाया कि बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे अमिताभ बच्चन का खड़ा होना केंद्र और महाराष्ट्र की दोनों सरकारों की नाकामी को दर्शाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से पूछा कि कलाकारों को सुरक्षित माहौल देने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा। कांग्रेस का सवाल है कि जब फिल्म उद्योग से जुड़ी हस्तियों को लगातार धमकियां मिल रही हैं और हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं, तो सरकार उनकी सुरक्षा के लिए क्या कदम उठा रही है। हालांकि, बुलेटप्रूफ शीशा हटाए जाने के पीछे की वजह पर सावंत ने भी कोई निश्चित जानकारी नहीं दी।