मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ से प्रदेशवासियों को परिवहन विभाग की अनेक नई सौगातें दीं। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सीएम ने विभिन्न सेवाओं, योजनाओं और परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि परिवहन व्यवस्था में तकनीक और आधुनिकता के समावेश से जनता को सुगम और सुरक्षित सेवाएं मिलेंगी।
1.5 लाख जनसेवा केंद्रों से जुड़ी परिवहन सेवाएं
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब 1.5 लाख जनसेवा केंद्रों के माध्यम से 45 से अधिक परिवहन सेवाएं आमजन तक आसानी से उपलब्ध होंगी। साथ ही उन्होंने सरल परिवहन हेल्पलाइन 149 और डिजिटल बस ट्रैकिंग (मार्गदर्शी) ऐप का शुभारंभ किया। इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट की नई बुकलेट भी लॉन्च की गई।
महिला सशक्तिकरण की पहल
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत सीएम योगी ने तीन महिला परिचालकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें आलमबाग डिपो की संगीता गौतम और गोल्डी मौर्या तथा कैसरबाग डिपो की अंशिका गौतम शामिल रहीं।
प्रमाणपत्र वितरण
सीएम योगी ने एडीटीसी, आरवीएसएफ और ऑटोमेटिक टेस्टिंग सेंटर के नवीनतम निवेशकों व संचालकों को प्रमाणपत्र वितरित किए। इसके अलावा जनसेवा केंद्रों के माध्यम से सेवाएं प्राप्त करने वाले चार लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
एमओयू पर हस्ताक्षर
कार्यक्रम के दौरान आईआईटी खड़गपुर और परिवहन विभाग के बीच एमओयू हुआ। विभाग की ओर से केपी सिंह और आईआईटी की ओर से प्रो. उदय शंकर ने दस्तावेज़ का आदान-प्रदान किया। परिवहन निगम व सीएससी के बीच भी एमओयू पर हस्ताक्षर हुए।
400 बसों को हरी झंडी
मुख्यमंत्री योगी ने 400 नई बीएस-6 बसों को हरी झंडी दिखाई। इनमें 8 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें, 16 इलेक्ट्रिक बसें, 1 रेट्रोफिट इलेक्ट्रिक बस, 10 सीएनजी बसें, 2 एसी बसें, 20 टाटा बसें और 43 आशयर शामिल हैं। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के लिए 11 इंटरसेप्टर वाहन भी बेड़े में शामिल किए गए।
पीपीपी मोड पर बनेगा 7 आधुनिक बस स्टेशन
सीएम ने पीपीपी मॉडल पर निर्मित होने वाले 7 आधुनिक बस स्टेशनों का शिलान्यास किया। इनमें प्रयागराज (जीरो रोड, सिविल लाइंस), गाजियाबाद (ओल्ड), अलीगढ़ (रसूलाबाद), लखनऊ (चारबाग, विभूति खंड गोमतीनगर) और अयोध्या धाम शामिल हैं। साथ ही विभिन्न बस स्टेशनों के पुनर्निर्माण, जीर्णोद्धार और उच्चीकरण का भी शुभारंभ किया गया।
ऑडिटोरियम का नवीनीकरण
मुख्यमंत्री ने जूपिटर ऑडिटोरियम के नवीनीकरण-उच्चीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मरकरी व मार्स ऑडिटोरियम का भी शिलान्यास किया गया। तीनों ऑडिटोरियम पर कुल 1760.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।



