हरियाणा सरकार के बागवानी विभाग द्वारा इंडो-इजराइल सब्जी उत्कृष्टता केंद्र, घरौंडा का मेगा सब्जी एक्सपो आकर्षक होगा। इसमें न सिर्फ किसानों को खेती से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, बल्कि लकी ड्रा के माध्यम से तीन मिनी ट्रैक्टर, तीन पावर वीडर और 30 मशीनरी यंत्र फ्री में दिए जाएंगे।
एक मिनी ट्रैक्टर की कीमत करीब चार लाख है और एक पावर वीडर सवा लाख तक का आता है। खास बात यह है कि इन पुरस्कारों को जीतने के लिए किसानों को कोई शुल्क नहीं देना होगा। 21 से 23 मार्च तक होने वाले मेले में 200 से अधिक स्टॉल पर कंपनियां आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन करेंगी।
कृषि विशेषज्ञों द्वारा जल प्रबंधन, जैविक खेती और ग्रीनहाउस तकनीक पर कार्यशालाएं होंगी। हरियाणवी सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे। इस मेले का उद्घाटन कृषि मंत्री करेंगे और समापन मुख्यमंत्री करेंगे।
तीन दिवसीय इस मेगा एक्सपो का उद्घाटन हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे, जबकि समापन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। इस बार मेले में सब्जी उत्पादन के साथ-साथ आलू खेती और मधुमक्खी पालन को भी विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिससे किसानों को अधिक से अधिक जानकारी प्राप्त हो सके।
तीन दिनों तक चलेगा लकी ड्रा, किसानों को मिलेगा फ्री इनाम इस मेले का सबसे बड़ा आकर्षण लकी ड्रा है, जिसमें तीन दिनों तक हर दिन एक मिनी ट्रैक्टर, एक पावर वीडर और 10 मशीनरी यंत्रों के विजेता घोषित किए जाएंगे। लकी ड्रा में भाग लेने के लिए किसानों को मेले के प्रवेश द्वार पर ही एक पर्ची दी जाएगी, जिसमें कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, लेकिन एक शर्त यह भी है कि यदि लकी ड्रा के दौरान किसान वहां मौजूद नहीं रहता, तो उसकी पर्ची को स्किप कर दिया जाएगा और इनाम किसी अन्य विजेता को दे दिया जाएगा।
मेले में महाराणा प्रताप बागवानी यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञों और अन्य कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं में किसानों को जल प्रबंधन, जैविक खेती, ग्रीनहाउस तकनीक, ड्रिप सिंचाई, कीट नियंत्रण उपायों और अन्य महत्वपूर्ण कृषि संबंधी विषयों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, सरकार की ओर से किसानों के लिए नई सब्सिडी योजनाओं और अनुदान से जुड़ी जानकारियां भी दी जाएंगी, जिससे वे इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
100 से अधिक प्रगतिशील किसान होंगे सम्मानित मेले के दौरान बागवानी, सब्जी उत्पादन, आलू खेती और मधुमक्खी पालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 100 से अधिक प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें खेती में नवाचार और बेहतरीन तकनीकों के उपयोग के लिए विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।
किसानों और उनके परिवारों के मनोरंजन के लिए हरियाणवी लोकगीत, नृत्य और मैजिक शो भी आयोजित किए जाएंगे। पहले इस मेले में केवल मैजिक शो होता था, लेकिन इस बार हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए लोक नृत्य और गायन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।



