भारत के हरित क्रांति के जनक और भारत रत्न से सम्मानित प्रोफेसर एम.एस. स्वामीनाथन की 100वीं जयंती के अवसर पर उनके नाम पर आयोजित “एमएस स्वामीनाथन इंटरनेशनल सेंचुरी कॉन्फ्रेंस” के दौरान एग्रीटेक ग्रैंड चैलेंज की घोषणा की गई है। यह प्रतियोगिता एमएस स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन और सामाजिक नवाचार को बढ़ावा देने वाले प्लेटफॉर्म सोशल अल्फा की साझेदारी में शुरू की गई है।
इस पहल का उद्देश्य है – कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े ज्वलंत मुद्दों का समाधान करने वाले नवाचारों की पहचान करना और उन्हें गति देना। चयनित नवाचारों को ₹1 करोड़ की ग्रांट दी जाएगी, जिससे उन्हें जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
कॉन्फ्रेंस की थीम है: “एवरग्रीन रिवॉल्यूशन – द पाथवे टू बायो हैप्पीनेस”, यानी हरित क्रांति से आगे बढ़ते हुए एक जैविक संतुलन और ग्रामीण समृद्धि की ओर रास्ता।
डॉ. सौम्या स्वामीनाथन ने मीडिया से बातचीत में कहा: “यह सम्मेलन केवल प्रो. स्वामीनाथन को श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक सक्रिय आह्वान है। जब हम जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता की हानि और ग्रामीण संकट जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं, तब विज्ञान-आधारित, न्यायसंगत और टिकाऊ समाधान जरूरी हैं। एग्रीटेक ग्रैंड चैलेंज इसी सोच को दर्शाता है — यह किसानों की समझ, प्रकृति की सुरक्षा और गरीबों के हित में नवाचारों को समर्थन देगा।”
इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नई दिल्ली में किया जाएगा, जहां देशभर के वैज्ञानिक, नीति-निर्माता और कृषि क्षेत्र के विशेषज्ञ जुटेंगे।



